कोलकाता,23 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब पार्टी के स्थायी मुख्यालय ‘तृणमूल भवनÓ को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। तृणमूल भवन के मकान मालिक और मॉडर्न डेकोरेटर्स के मालिक मनोतोष साहा उर्फ मोंटू साहा ने पार्टी नेतृत्व को नोटिस भेजकर अगले दो महीनों के भीतर कार्यालय खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कोलकाता के ए/पी कैनाल साउथ रोड, मेट्रोपोलिटन सीएचएम लिमिटेड स्थित तृणमूल भवन को खाली करने के लिए मकान मालिक ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को स्पष्ट निर्देश दिया है। मोंटू साहा का कहना है कि किराये का समझौता समाप्त हो चुका है और अब वह अपनी संपत्ति वापस चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल नेतृत्व की ओर से मौखिक रूप से दो महीने के भीतर कार्यालय खाली करने का आश्वासन भी मिला है। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में तृणमूल कांग्रेस ने तपसिया स्थित अपने पुराने मुख्यालय से हटकर मेट्रोपोलिटन बाइपास से सटे कैनल ईस्ट रोड स्थित इस नए पते पर अपना स्थायी कार्यालय स्थापित किया था। शुरुआत में मकान मालिक मनोतोष साहा के साथ दो वर्षों के लिए किराये का अनुबंध किया गया था, जिसे बाद में दो साल और बढ़ा दिया गया था। अब अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद भवन खाली करने की मांग उठी है। मकान मालिक मोंटू साहा ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से उनके घर पर हमले की कोशिशें हो रही थीं। उनका कहना है कि वह नहीं चाहते कि उनकी संपत्ति को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचे, इसलिए उन्होंने तृणमूल नेतृत्व को जल्द से जल्द भवन खाली करने को कहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तृणमूल कांग्रेस की ओर से बकाया किराया समय पर चुका दिया गया है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता और बेलियाघाटा विधायक कुणाल घोष ने कहा कि तृणमूल भवन स्थायी रूप से किराये पर लिया गया था। यदि मकान मालिक अपनी संपत्ति वापस लेना चाहते हैं तो यह उनका अधिकार है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर बातचीत हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, तपसिया रोड स्थित तृणमूल कांग्रेस के पुराने मुख्यालय का काम लगभग पूरा होने वाला है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी एक बार फिर अपने पुराने कार्यालय में वापसी कर सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

