धमतरी 24 मई ( आरएनएस)अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि जिलेभर में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक Suraj Singh Parihar के निर्देश पर थाना मगरलोड, कुरूद और चौकी बिरेझर पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से अवैध शराब, नगदी रकम और वाहन समेत कुल 28 हजार 230 रुपये का सामान जब्त किया। सबसे बड़ी कार्रवाई थाना मगरलोड क्षेत्र में हुई जहां बेलरदोना मार्ग स्थित शराब भट्ठी आहता में पुलिस ने दबिश देकर उत्तम निषाद उर्फ राजा, उम्र 27 वर्ष, निवासी मथुरानगर मगरलोड को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 17 नग Budweiser Magnum बियर, बिक्री रकम समेत कुल 4530 रुपये बरामद हुए। वहीं थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम गाड़ाडीह में कार्रवाई करते हुए गिरधर साहू, उम्र 43 वर्ष को 15 पौवा देशी मसाला शराब के साथ पकड़ा। नया बाजार कुरूद में किशोर कुमार ध्रुव, उम्र 38 वर्ष, को सार्वजनिक स्थान पर शराब बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से शराब, नगदी और होंडा एक्टिवा वाहन समेत 21 हजार 180 रुपये का सामान जब्त हुआ। उधर चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम सोनपुर बड़े नहर नाली के पास घेराबंदी कर कमलेश कुमार टंडन, उम्र 35 वर्ष, निवासी मरौद को 17 पौवा देशी शराब के साथ दबोचा। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। धमतरी पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे और अवैध कारोबार का खेल करने वालों की अब खैर नहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

