मुंगेली 24 मई (आरएनएस) सार्वजनिक स्थान पर दिनदहाड़े चाकू से जानलेवा हमला कर इलाके में दहशत फैलाने वाले युवक को सरगांव पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया, घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भय का माहौल बन गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई, वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सरगांव पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा। दिनांक 24.05.2026 को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम कापा, चौकी मारो, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा निवासी आदित्य बंजारे पिता सुशील बंजारे उम्र 19 वर्ष लंबे समय से उसकी चचेरी बहन से बातचीत करता था, जिसे लेकर पहले समझाइश दी गई थी लेकिन आरोपी लगातार विवाद करता रहा। घटना वाले दिन सुबह करीब 09:30 बजे बैतलपुर स्थित एक साइकिल दुकान के पास आरोपी मोटरसाइकिल से पहुंचा और प्रार्थी को बुलाकर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से उसके बांये पसली एवं सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचा दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुखबिर एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया, पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से 01 नग धारदार चाकू, हाथ में पहनने वाला चूड़ा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 109, 296 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष शर्मा, प्रधान आरक्षक भागबली जांगड़े, आरक्षक सूरज धुरी एवं विश्वनाथ राजपूत की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई ने पूरे मामले को सफलतापूर्वक सुलझा दिया। बहरहाल, यह घटना साफ संकेत देती है कि सार्वजनिक स्थानों पर हिंसक प्रवृत्ति अपनाने वालों के खिलाफ पुलिस अब और भी सख्त रुख अपनाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

