बलौदाबाजार, 25 मई (आरएनएस)। बलौदाबाजार जिले के बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में एक दंतैल हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम दोंद निवासी जहरु राम नेताम (करीब 55 वर्ष) रविवार रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच हाथी के हमले का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि दंतैल हाथी पिछले कई दिनों से मुरुमडीह क्षेत्र के आसपास घूम रहा था और खेत-खलिहानों की तरफ उसकी आवाजाही लगातार देखी जा रही थी। रविवार को हाथी अचानक ग्राम दोंद की ओर पहुंच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, हाथी मित्र दल और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और सतर्कता के बाद हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से दूर जंगल की ओर खदेड़ा गया, लेकिन तब तक एक ग्रामीण की जान जा चुकी थी। घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की है। विभाग ने शासन के नियमानुसार आगे भी क्षतिपूर्ति राशि देने की बात कही है। लगातार बढ़ती हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से रात के समय सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

