दुर्ग 25 मई (आरएनएस) नशे के काले कारोबार में इस्तेमाल हुई गाड़ियां अब सड़क पर नहीं, सरकारी नीलामी में बिक रही हैं। दुर्ग पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त 22 वाहनों की ऑनलाइन नीलामी कर मादक पदार्थ तस्करों को बड़ा संदेश दिया है कि अब अपराध की कमाई और संसाधन दोनों कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे। एमएसटीसी पोर्टल के जरिए पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से अंजाम दिया गया, जहां 10 दोपहिया और 12 चारपहिया वाहनों को बोली प्रक्रिया में शामिल किया गया। 24 मई 2026 को संपन्न हुई इस कार्रवाई में सभी जब्त वाहनों की सफल ऑनलाइन बोली लगाई गई और कुल 5 लाख 50 हजार रुपये में इनका विक्रय किया गया। दुर्ग पुलिस के मुताबिक नीलामी से प्राप्त पूरी राशि नियमानुसार शासकीय कोष में जमा कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध मादक पदार्थ कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने में पुलिस लाइन, डीसीआरबी शाखा और संबंधित थाना पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर पूरी नीलामी को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे और अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं ताकि ऐसे नेटवर्क पर तेजी से कार्रवाई की जा सके। बहरहाल, दुर्ग पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि अब नशे के कारोबारियों की संपत्ति भी कानून की पकड़ से बाहर नहीं रहेगी।


