0 मोबाइल एवं डिजिटल साक्ष्य जप्त, आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम, 25 मई (आरएनएस)। कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध जुआ एवं ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा चौकी पोड़ी प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव के नेतृत्व में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालन के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
दिनांक 24.05.2026 को चौकी पोड़ी पुलिस एवं साइबर टीम जुआ-सट्टा संबंधी कार्यवाही हेतु क्षेत्र भ्रमण पर रवाना थी। भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बैहरसरी क्षेत्र में एक युवक अपने एंड्रॉइड मोबाइल के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच में ऑनलाइन दांव लगाकर एवं राशि का लेनदेन कर सट्टा गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना की तस्दीक उपरांत पुलिस टीम द्वारा विधिवत मुखबिर सूचना पंचनामा तैयार कर गवाहों की उपस्थिति में बताए गए स्थान पर रेड कार्यवाही की गई। मौके पर संदेही को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम रघुवीर वर्मा पिता फागूराम वर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बैहरसरी चौकी पोड़ी थाना बोड़ला जिला कबीरधाम बताया। विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए आरोपी को उसके वैधानिक अधिकारों से अवगत कराया गया तथा समक्ष गवाहों की उपस्थिति में तलाशी एवं मोबाइल परीक्षण की कार्यवाही की गई। आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का वी-50 एंड्रॉइड मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें एयरटेल कंपनी का मोबाइल नंबर संचालित पाया गया।
मोबाइल का परीक्षण करने पर व्हाट्सएप, इंटरनेट हिस्ट्री एवं अन्य डिजिटल सामग्री में आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालन से संबंधित लिंक एवं ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म की जानकारी प्राप्त हुई। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलने एवं सट्टा राशि के लेनदेन की बात स्वीकार की गई। आरोपी से वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया, किन्तु उसके द्वारा किसी प्रकार का वैधानिक अनुमति पत्र अथवा लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इस प्रकार आरोपी रघुवीर वर्मा द्वारा अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा खेलना एवं सट्टा राशि का लेनदेन करना पाए जाने से उसके विरुद्ध धारा 6 एवं 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। कार्यवाही के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नग वीवो वी-50 मोबाइल फोन, मोबाइल सिम तथा ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों से संबंधित 20 पृष्ठ डिजिटल स्क्रीनशॉट विधिवत जप्त किए गए। आरोपी रघुवीर वर्मा को दिनांक 24.05.2026 को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही उपरांत न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में चौकी पोड़ी पुलिस एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कबीरधाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन सट्टा, जुआ अथवा साइबर अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को प्रदान करें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
0

