दुर्ग 25 मई (आरएनएस) घर के बाहर रखा लोहे का सामान रातोंरात गायब हुआ तो परिवार के होश उड़ गए, लेकिन नेवई पुलिस ने तेजी दिखाते हुए चोरी की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दुर्ग जिले के उत्कल नगर स्टेशन मरौदा में हुई इस चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। प्रार्थी उदय ताण्डी उम्र 23 वर्ष निवासी उत्कल नगर स्टेशन मरौदा थाना नेवई ने पुलिस को बताया कि उसने अपने घर के बाहर दीवार से लगाकर एक लोहे का दरवाजा, तीन नग लोहे का एंगल और दो नग लोहे का वेंटीलेटर रखा था। 23 मई 2026 की रात अज्ञात बदमाश इन सभी सामानों को चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई। शिकायत मिलते ही थाना नेवई पुलिस ने अपराध क्रमांक 333/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। निरीक्षक अनिल कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेहियों से पूछताछ, तकनीकी जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी लक्की जैन उर्फ सुरेश जैन उम्र 20 वर्ष निवासी संगम चौक स्टेशन मरौदा थाना नेवई को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी लव कुमार साहू उम्र 33 वर्ष निवासी डी ब्लॉक दक्षिण गंगोत्री सुपेला भिलाई थाना सुपेला को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा लोहे का सामान बरामद कर जप्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए 24 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेंद्र तारम, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, आरक्षक रवि बिसाई और आरक्षक प्यारे लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहरहाल, दुर्ग पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अब चोरी करने वाले ही नहीं, चोरी का माल खरीदने वाले भी सीधे जेल भेजे जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

