गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 25 मई (आरएनएस)। वृक्षारोपण कार्य के लिए गोबर खाद खरीदी में हुई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-दो भूपेंद्र कुमार साहू को निलंबित कर दिया है। जांच में करीब 14 लाख 77 हजार 600 रुपये के भुगतान में गंभीर अनियमितता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में वृक्षारोपण कार्यों के लिए गोबर खाद की खरीदी की गई थी। बाद में भुगतान प्रक्रिया की जांच के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच रिपोर्ट में उल्लेख किया गया कि फर्जी प्रमाण-पत्रों के आधार पर एलओसी तैयार की गई और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन नहीं कराया गया। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को भी वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं दी गई।
मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए मुख्य वन संरक्षक मनोज कुमार पांडे ने कार्रवाई के आदेश जारी किए। आदेश के तहत कैंपा शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-दो भूपेंद्र कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वन विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद अब यह सवाल उठने लगे हैं कि पूरे मामले में केवल एक कर्मचारी जिम्मेदार है या फिर अन्य अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध रही है। विभागीय सूत्रों का मानना है कि जांच आगे बढऩे पर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच अभी जारी है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

