० 150 पदों पर होगी युवाओं की भर्ती, 15000 से 18000 रूपये तक मिलेगा सैलरी
सुकमा, 25 मई (आरएनएस)। बेरोजगार युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, सुकमा द्वारा आगामी 28 मई को एक दिवसीय जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला कार्यालय परिसर में प्रात: 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आयोजित होगा। इस भर्ती मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय और अन्य जिलों के योग्य पुरुष अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान करना है।
इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की कंपनी ‘श्रामिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेडÓ (नोएडा) द्वारा ‘विद्युत मीटर तकनीशियनÓ के कुल 150 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इस पद के लिए वे पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे जिन्होंने 10वीं, 12वीं, स्नातक या फिर आईटीआई/एनटीसी/एनसीव्हीटी/पॉलीटेक्निक डिप्लोमा (इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में) उत्तीर्ण किया है। चयनित उम्मीदवारों को सुकमा जिले में ही कार्य करना होगा, जिसके लिए 15,000 से 18,000 रुपये प्रति माह वेतनमान के साथ-साथ ईपीएफ, मेडिकल और इंसेंटिव जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। आवेदकों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के बीचा और अनुभव 0 से 3 वर्ष होना चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवारों के पास खुद की बाइक और ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है, जिसके लिए अलग से 35 सौ से 55 सौ रूपये तक का पेट्रोल भत्ता दिया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक और पात्र पुरुष अभ्यर्थी अपने समस्त मूल दस्तावेज (जैसे- शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, निवास, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन) और उनकी छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ नियत तिथि और समय पर स्वयं उपस्थित हो सकते हैं। इस मेले में सम्मिलित होने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सभी आवेदक विभागीय वेबसाइटhttps://erojgar.cg.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं और भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

