ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कार्यशाला का किया उदघाटन
दिमाग ही नहीं दिल से भी अधिकारियों को काम करने की जरूरत : दीपिका पांडेय सिंह
रांची 25 मई (आरएनएस)। राज्य के अधिकारियों को सिर्फ दिमाग से ही नहीं , बल्कि दिल से भी सोचने एवं काम करने की जरूरत है । नंगे पांव अपना काम कराने की उम्मीद लेकर सरकारी दफ्तर पहुंचने वाले लोगों की दर्द को समझना होगा । वो खाली हाथ ना लौटे ये अधिकारियों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता है । बदलते हुए दौर में नवाचार का साथ काम को आसान बना रहा है । मिशन कर्मयोगी भी इसी बदलाव का अहम हिस्सा है । ये बातें राज्य की ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची के सर्ड सभागार में आयोजित आई गॉट कर्मयोगी पोर्टल के राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही । इस कार्यशाला में राज्य के उप समाहर्ता सह बीडीओ ने भाग लिया । मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस मौके पर कहा कि अधिकारी कैसे लोगों के लिए सहजता से उपलब्ध हो इसे सुनिश्चित करना होगा , क्योंकि प्रखंड और अंचल कार्यालय ही सरकार का चेहरा है । सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और उसे सफल बनाने में अधिकारियों की बड़ी भूमिका है । बात चाहे मईया सम्मान योजना की हो , अबुआ आवास योजना की हो या सर्वजन पेंशन योजना की हो । अधिकारियों के बेहतर प्रयास से ही लाभुकों को योजना का लाभ मिल पा रहा है । उन्होंने मिशन कर्मयोगी को मौजूदा समय की मांग के साथ कार्य क्षमता के विकास में मददगार बताया । मंत्री ने कहा कि सरकार के विजन को धरातल पर क्रियान्वयन करने के लिए नवाचार के उपयोग के साथ कदम ताल करना जरूरी है । अधिकारी ऐसे प्रशिक्षण को पा कर अपने कार्यक्षेत्र में इसका बेहतर इस्तेमाल कर सकते है । सीखने की कोई उम्र सीमा नहीं होती है , इस लिए समय के साथ खुद को अपग्रेड करने से काम की रफ्तार बढ़ेगी । आज झारखंड में परिस्थितियां तेजी से बदली है । अब लोग राशन एवं पेंशन के लिए दर – दर भटकने के लिए विवश नहीं है , लेकिन सरकार की दूसरी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की इच्छा जरूर रखते है । योग्य लाभुकों को समय सीमा के अंदर योजना का लाभ दिलाना , अधिकारियों की जवाबदेही है । मंत्री ने कार्यशाला में उपस्थित बीडीओ को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा बढ़ती गर्मी में पेयजल को लेकर जारी निर्देश को हर हाल में पालन करने को कहा । उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय , पंचायत भवन के साथ – साथ प्रमुख चौक चौराहों पर भी आम जन के लिए पीने का पानी उपलब्ध होना चाहिए । कार्यशाला को संबोधित करते हुए सर्ड के निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि ये महज कार्यशाला या प्रशिक्षण नहीं है , बल्कि समय की बचत और काम को आसान बनाने का बेहतर अवसर है । अधिकारी जितना ज्यादा लोगों से जुड़ेंगे – लोगों की समस्या को जानेंगे, उतना ज्यादा काम की रफ्तार बढऩे के साथ काम का निबटारा होगा । उद्देश्य लोगों के जीवन को सरल बनाना और उनका सहयोग करना है । अधिकारी एआई के जरिए मिलने वाली नई जानकारी का उपयोग अपने कार्य के दौरान जरूर करें । मिशन कर्मयोगी से संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण एवं उनके सवालों का निधि ने दिया ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

