रांची 25 मई (आरएनएस)। राष्ट्रीय कैडेट कोर के तत्वावधान में तथा 3 झारखंड गल्र्स बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-ङ्क) एवं ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (एआईटीएससी) चयन प्रक्रिया का शुभारंभ 21 मई 2026 को स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल, रांची में हुआ। 30 मई तक चलने वाले इस दस दिवसीय शिविर में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 340 कैडेट्स भाग ले रहे हैं।शिविर में ड्रिल, फायरिंग, हथियार प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा के साथ-साथ कई सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर कर्नल राजीव कुमार ने स्कूल के सहयोग और बेहतरीन प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा, “इतने बड़े स्तर के शिविर के लिए स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल ने जो अनुशासन, आवास और सुरक्षित वातावरण की व्यवस्था की है, वह अत्यंत सराहनीय है। स्कूल प्रशासन के सक्रिय सहयोग के बिना इस स्तर का प्रशिक्षण सुचारू रूप से संचालित करना संभव नहीं था।”
विद्यालय की प्राचार्या अर्चना राठौर ने सभी का स्वागत करते हुए कहा, “हमारे विद्यालय के लिए इस राष्ट्र-निर्माण शिविर की मेजबानी करना गौरव की बात है। एनसीसी युवाओं में देश सेवा और अनुशासन की भावना फूंकता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।” उन्होंने सभी भावी कैडेट्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिविर का समापन 30 मई 2026 को प्रतिक्रिया सत्र और कैडेट्स के प्रस्थान के साथ होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

