भोपाल 25 मई (आरएनएस)। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट सोमवार को साइकिल से दफ्तर पहुंचे। उन्होंने बैरसिया रोड स्थित अपने गांव कनेरा से जिला पंचायत ऑफिस तक करीब 35 किलोमीटर की दूरी ढाई घंटे में पूरी की। कहा कि सप्ताह में अब एक बार साइकिल से जरूर जिला पंचायत आऊंगा। इससे ईंधन तो बचेगा ही, सेहत भी ठीक रहेगी।
बुधवार को उपाध्यक्ष जाट के साइकिल से जिपं ऑफिस आने का मामला चर्चा में रहा। जिपं सदस्य प्रतिनिधि विनोद राजोरिया ने उनका स्वागत किया। कहा कि यह अच्छी पहल है। आगे से वे भी साइकिल चलाएंगे।
पहले दिन दिक्कतें भी आईं उपाध्यक्ष जाट ने बताया, प्रधानमंत्रीजी की अपील के बाद मैंने तय कर लिया था कि सप्ताह में एक दिन साइकिल से ही आऊंगा। सोमवार को 43.4 डिग्री वाली गर्मी की वजह से काफी दिक्कतें भी आईं। दोपहर 12 बजे गांव से निकला था और ढाई बजे तक जिपं पहुंच गया।
तेज गर्मी की वजह से कुछ देर रास्ते में उतरा भी। पानी की बॉटल साथ में ही रखी थी। हालांकि, अब नियमित रूप से साइकिल चलाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। गर्मी को देखते हुए वे सुबह जल्दी घर से भोपाल के लिए निकलेंगे।

