देवास 25 मई (आरएनएस)। सामूहिक विवाह के नाम पर 42 से अधिक परिवारों से लाखों रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शमशाबाद के एक दंपती पर आरोप है कि उन्होंने अविवाहित युवकों के परिवारों से 25-25 हजार रुपए जमा कराए और 25 मई को विवाह कराने का झांसा देकर सभी को देवास बुलाया, लेकिन बाद में फरार हो गए।
आरोपियों ने एक परिचित के माध्यम से विभिन्न जिलों के उन परिवारों से संपर्क किया, जहां युवकों की शादी नहीं हो पा रही थी। परिवारों को भरोसा दिलाया गया कि 25 मई को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 24 मई को माता टेकरी दर्शन कराने और फिर राधागंज स्थित क्लब मैदान में ठहरने की व्यवस्था की बात कही गई। प्रत्येक परिवार से 25 हजार रुपए जमा कराए गए।
बताया जा रहा है कि विभिन्न जिलों से युवक और उनके परिजन तय कार्यक्रम के अनुसार राधागंज क्लब मैदान पहुंचे, लेकिन वहां न कोई विवाह समारोह मिला और न ही आयोजक मौजूद थे। घंटों इंतजार के बाद परिवारों को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद लोगों ने मौके पर मौजूद दिनेशदास बैरागी के भाई से जवाब-तलब किया।
मामले में बीएनपी थाना पुलिस का कहना है कि जिन आरोपियों ने रुपए लिए हैं, वे फिलहाल मौके पर नहीं मिले हैं। पुलिस उनके एक परिचित से पूछताछ कर रही है। पीडि़त परिवारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।

