छतरपुर 25 मई (आरएनएस)। हरपालपुर थाना क्षेत्र से सटे उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सोमवार को युवक और बच्चे बांध में डूब गए। घटना महोबकंठ थाना क्षेत्र के गाड़ो गांव की है। दोनों तैईया बांध में दोस्तों के साथ नहाने गए थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक गाड़ो गांव निवासी 11 वर्षीय हृदेश विश्वकर्मा पिता भरत विश्वकर्मा सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे तैईया बांध में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। हृदेश को बचाने के प्रयास में गांव का ही 19 वर्षीय निहाल साहू पिता प्रकाश साहू भी बांध में कूद गया, लेकिन वह भी पानी में डूब गया।
दोनों बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद एक अन्य बच्चों ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बांध में उतरकर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में परिजन दोनों को छतरपुर जिले के नज़दीकी हरपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां से दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिले के ही नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर नौगांव थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और जीरो पर मर्ग कायम किया। मामले की जानकारी संबंधित थाना क्षेत्र को भेजी जा रही है।

