रायपुर 25 मई (आरएनएस) आईपीएल के हर चौके-छक्के पर करोड़ों का दांव लगाने वाला ऑनलाइन सट्टे का ऐसा हाईटेक सिंडिकेट रायपुर पुलिस के शिकंजे में फंसा कि कोलकाता से हरियाणा तक बैठे पैनल ऑपरेटरों में हड़कंप मच गया, लगातार 72 घंटे चले सीक्रेट ऑपरेशन में पुलिस ने 5 बड़े सट्टा नेटवर्क ध्वस्त कर 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया, करोड़ों के इस काले खेल में इस्तेमाल हो रहे 59 मोबाइल, 4 लैपटॉप, लाखों की नकदी और वाहन जब्त किए गए। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृति राजनाला की मॉनिटरिंग में न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा, तिल्दा नेवरा और तेलीबांधा थाना पुलिस के साथ मिलकर यह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक IPL सीजन के दौरान शहर के बड़े सटोरिए देश के अलग-अलग राज्यों में बैठकर ऑनलाइन बेटिंग पैनल चला रहे थे और मुखबिरों के जरिए लगातार इसकी सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल ट्रैकिंग और नेटवर्क सर्विलांस के जरिए पूरा ऑपरेशन तैयार किया और एक साथ कई राज्यों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान Lotus365.com, Lion4.com, Goldenexch.com, BETONLY99.com, UNCLEBET9.com, GRANDEXCH.com, POWEREXCH.com, Gold777.com, jmdbet777.com, silverbet777.club, allpanel777.now और NASEEB91 जैसे ऑनलाइन पैनलों के जरिए सट्टा संचालन का खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद अब तक ऑनलाइन सट्टे के 18 मामलों में 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति जब्त हो चुकी है। इस ताजा कार्रवाई में लगभग 50 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया गया। मामले में सबसे बड़ा खुलासा तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 202/26 में हुआ जहां पहले नमन जग्गी, आयुष जैन समेत तीन आरोपी पकड़े गए थे, पूछताछ में महाराष्ट्र के नागपुर और फिर कोलकाता तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने कोलकाता में रेड कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 8 लाख रुपए नकद, 35 मोबाइल और 2 लैपटॉप बरामद किए। इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी रायगढ़ खरसिया निवासी अमन नथानी निकला जो रायपुर निवासी राम लालवानी, नमन जग्गी, आयुष जैन और अंकित अग्रवाल के साथ पार्टनरशिप में सट्टा पैनल संचालित कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप पटेल 22 वर्ष निवासी केसड़ा जिला बालोद, निशांत हटिया 22 वर्ष निवासी फरीदाबाद हरियाणा, राहुल शुक्ला 36 वर्ष निवासी बिलासपुर, दीपेश डलवानी 25 वर्ष निवासी गोंदिया महाराष्ट्र, लखन ठावरानी 23 वर्ष निवासी बिलासपुर, आकाश सिंह राजपूत उर्फ छोटू 24 वर्ष निवासी रायपुर, लिखेश्वर साहू 30 वर्ष निवासी रायपुर, सुबोध राम 31 वर्ष निवासी बिहार, अमन नथानी 30 वर्ष निवासी खरसिया रायगढ़ और राम लालवानी 28 वर्ष निवासी तेलीबांधा रायपुर शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी ऑनलाइन सट्टे के मामले दर्ज हैं। न्यू राजेंद्र नगर थाना के अपराध क्रमांक 191/26 में सौरभ मुकीम 38 वर्ष निवासी रायपुर, करण पिंजानी उर्फ किट्टू 28 वर्ष निवासी रायपुर, शेख आसिफ 42 वर्ष निवासी रायपुर, इमाम अहमद 44 वर्ष निवासी रायपुर, भैरव कुमार 23 वर्ष निवासी देवघर झारखंड, राजीव कुमार 24 वर्ष निवासी देवघर, सिकंदर यादव 32 वर्ष निवासी देवघर, रविंद्र कुमार 26 वर्ष निवासी देवघर और गुरदेव सिंह 35 वर्ष निवासी भिलाई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि इनके साथी हरियाणा के गुरुग्राम में बैठकर पैनल चला रहे थे। पुलिस टीम ने वहां रेड कर 5 और आरोपियों को पकड़ा और 14 मोबाइल, 2 लैपटॉप, ATM कार्ड, पासबुक, चेकबुक और नकदी बरामद की। इसी तरह तिल्दा नेवरा क्षेत्र में NASEEB91 Book नाम के पैनल का संचालन सामने आया जहां राहुल फतनानी 27 वर्ष निवासी तिल्दा नेवरा, गौतम पंजवानी 35 वर्ष निवासी तिल्दा और किशन उर्फ सोनू हिंदुजा 32 वर्ष निवासी रायपुर को गिरफ्तार कर करीब 9 लाख 92 हजार रुपए जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क का संचालन सानू फतनानी कर रहा था जबकि लोकल कलेक्शन का काम उसका भाई राहुल संभाल रहा था। मौदहापारा क्षेत्र में अमित जंघेल 37 वर्ष निवासी रायपुर अपने भाई के जरिए गोवा में बैठकर ऑनलाइन सट्टा पैनल चला रहा था। पुलिस ने रेड कर 7 मोबाइल और नकदी जब्त की तथा अजय उर्फ मॉन्टू साहू 28 वर्ष निवासी रायपुर, मुकेश जंघेल 35 वर्ष निवासी रायपुर, अमित जंघेल 37 वर्ष निवासी रायपुर और रवि डंगवानी 42 वर्ष निवासी रायपुर को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 4(क) और BNS की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों को अटैच करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। बहरहाल, IPL की चमक के पीछे चल रहे ऑनलाइन सट्टे के इस काले कारोबार पर रायपुर पुलिस का यह सबसे बड़ा डिजिटल प्रहार माना जा रहा है और अब क्रिकेट की हर अवैध बेटिंग पर साइबर निगरानी का शिकंजा और कसने वाला है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

