महासमुंद 26 मई 2026(आरएनएस) ओडिशा से छत्तीसगढ़ के गांवों तक महुआ शराब की अवैध खेप पहुंचाने का खेल फिर बेनकाब हुआ है और महासमुंद पुलिस ने एक ही दिन में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर 154 लीटर अवैध महुआ शराब, दो मोटरसाइकिल और चार तस्करों को दबोचकर पूरे नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली और सांकरा पुलिस ने ऐसी घेराबंदी की कि तस्करों का पूरा प्लान धरा का धरा रह गया। गांवों में चुपचाप शराब खपाने की तैयारी कर रहे आरोपी पुलिस की रेड में रंगे हाथों पकड़े गए। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स और थाना स्तर की टीम लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है और इसी अभियान में अब तक 7908.560 लीटर शराब जब्त कर 21 लाख 91 हजार 605 रुपये की कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि 626 प्रकरणों में 709 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुके हैं। पहली कार्रवाई सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम नूनपानी में हुई जहां मुखबिर से सूचना मिली कि अजय भारती पिता हेमलाल भारती उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम नूनपानी थाना सरायपाली जिला महासमुंद अपने घर की बाड़ी में बिक्री के लिए भारी मात्रा में महुआ शराब छिपाकर रखा है। पुलिस ने दबिश दी तो मौके से 75 लीटर महुआ शराब बरामद हुई जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 179/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत जेल भेजा गया। इसके बाद सांकरा थाना पुलिस ने ग्राम परसवानी पुल के पास घेराबंदी कर लोकेश निषाद पिता तुलाराम निषाद उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम परसवानी थाना सांकरा जिला महासमुंद को मोटरसाइकिल में 30 लीटर ओडिशा निर्मित महुआ शराब ले जाते पकड़ा। आरोपी शराब गांवों में सप्लाई करने निकला था लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में ही उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से 4500 रुपये कीमत की शराब और 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस की तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई बड़े लोरम मार्ग में हुई जहां बिना नंबर की सीटी 100 मोटरसाइकिल में दो लोग संदिग्ध हालत में जाते दिखे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को रोका तो उनके पास से 245 पाउच ओडिशा निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। हर पाउच में 200 एमएल शराब भरी थी और कुल मात्रा 49 लीटर निकली जिसकी कीमत लगभग 7350 रुपये आंकी गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय कुमार प्रधान पिता स्वर्गीय दीनबंधु प्रधान उम्र 48 वर्ष निवासी ग्राम परसवानी थाना सांकरा जिला महासमुंद और महेश निषाद पिता मुनकु निषाद उम्र 62 वर्ष निवासी ग्राम परसवानी थाना सांकरा जिला महासमुंद के रूप में हुई। पुलिस ने शराब के साथ करीब 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। तीनों प्रकरणों में कुल 76 हजार 850 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। महासमुंद पुलिस का कहना है कि ओडिशा बॉर्डर से शराब लाकर गांवों में खपाने वाले गिरोहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा। बहरहाल, महासमुंद पुलिस की लगातार कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब गांवों में शराब तस्करी का रास्ता आसान नहीं रहने वाला।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

