सरगुजा 26 मई (आरएनएस) शादी के मंडप में मां को जबरन नचाने की जिद, विरोध पर बेरहमी से मारपीट और फिर रातभर रोता रहा बेटा… सरगुजा के गांधीनगर इलाके में हुई इस दर्दनाक घटना ने आखिर एक युवक की जान ले ली, अब पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना गांधीनगर पुलिस ने मर्ग जांच के बाद पूरे मामले की तह तक पहुंचकर आरोपियों पर शिकंजा कसा। मामला थाना गांधीनगर क्षेत्र के सरगवां पतरापारा गांव का है जहां मृतक रूकचंद नागेश पिता अमर साय नागेश उम्र 25 वर्ष निवासी सरगवां पतरापारा थाना गांधीनगर जिला सरगुजा 27 अप्रैल 2026 को गांव में आयोजित पण्डा नामक व्यक्ति के विवाह मंडप कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर रात डीजे साउंड पर गांव के लोग नाच रहे थे तभी आरोपी रामप्रसाद, राजनाथ और अजीत ने मृतक की मां कबिलासो को भी नाचने के लिए कहा। रूकचंद ने इसका विरोध करते हुए साफ कहा कि उसकी मां नहीं नाचेगी। इसी बात पर विवाद भड़क गया और तीनों आरोपियों ने मिलकर रूकचंद के साथ मारपीट कर दी। घटना से अपमानित और आहत रूकचंद रात करीब 3 बजे रोते हुए घर पहुंचा और अपनी बहन सुमरी नागेश को पूरी घटना बताई। कुछ ही देर बाद उसने गांव के पीपल पेड़ में ड्रीप पाइप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर थाना गांधीनगर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 37/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। परिजनों और स्वतंत्र गवाहों के बयान लिए गए तो मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 277/2026 धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान आरोपी रामप्रसाद उर्फ रित्रा पिता मुन्ना राम उम्र 28 वर्ष, अजीत कुमार पिता शिवप्रसाद यादव उम्र 32 वर्ष और राजनाथ तिर्की पिता नानसाय उम्र 40 वर्ष तीनों निवासी सरगवां थाना गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई जहां उन्होंने घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने तीनों को 25 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले की जांच और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक इमरान गालिब और सैनिक रोशन गुप्ता की भूमिका अहम रही। बहरहाल, यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि गुस्से, अपमान और हिंसा से टूटते रिश्तों की भयावह तस्वीर है, जिसने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

