दंतेवाड़ा ,26 मई (आरएनएस) जिले के बचेली में सट्टे का गुप्त अड्डा चलाकर किस्मत का खेल खेलने वाला आरोपी आखिर पुलिस के जाल में फंस गया और छापेमारी में 35 हजार से ज्यादा नकदी, सट्टा-पट्टी और नंबरों से भरी पर्चियां बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन, एसडीओपी किरंदुल कमलजीत पाटले तथा साइबर सेल प्रभारी डीएसपी गौरव ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 25 मई 2026 को थाना बचेली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जे.डी. किराना स्टोर्स के पीछे सुनसान इलाके में एक व्यक्ति अवैध सट्टा-पट्टी लिखने का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना बचेली और साइबर सेल दंतेवाड़ा की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को कागज पर नंबर लिखते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम जयदेव अग्रवाल पिता निवार अग्रवाल उम्र 45 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 02 अंधेरी चौक बचेली बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी लिखी पर्चियां, अंकों से भरे दस्तावेज और कुल 35 हजार 175 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही सट्टा सामग्री और नकदी जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 06 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू, साइबर सेल उप निरीक्षक राम विलास नेगी, उपनिरीक्षक रामकुमार जैन, सहायक उपनिरीक्षक रामजी कुंवर, सोहन ठाकुर सहित पुलिस और साइबर टीम की भूमिका अहम रही। बहरहाल, दंतेवाड़ा पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि जिले में सट्टा, जुआ और अवैध कारोबार चलाने वालों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

