धमतरी 26 मई (आरएनएस) रोशन राइस मिल के पास नीम पेड़ पुल के नीचे चल रहा अवैध शराब का धंधा उस वक्त बेनकाब हो गया, जब भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार चल रहे अभियान के बीच थाना भखारा पुलिस की यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खुलेआम देशी शराब बेचकर माहौल बिगाड़ रहा है, जिसके बाद टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मौके से राजु साहू उर्फ तुलसी साहू पिता महेत्तर साहू उम्र 54 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 03 भखारा थाना भखारा जिला धमतरी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 2400 रुपए आंकी गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना भखारा में अपराध क्रमांक 54/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। बहरहाल, भखारा की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब चोरी-छिपे शराब बेचने वालों की हर गतिविधि पुलिस की नजर में है और अगली बारी किसी की भी हो सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

