दुर्ग 26 मई (आरएनएस) भिलाई स्टील प्लांट के भीतर घुसकर लाखों का स्क्रैब कॉपर पार करने की तैयारी कर रहे चोरों का खेल उस वक्त खत्म हो गया जब सीआईएसएफ और भिलाई भट्ठी पुलिस ने पूरी साजिश पकड़ ली। दुर्ग जिले के थाना भिलाई भट्ठी क्षेत्र अंतर्गत प्लेट मिल-03 के पीछे स्थित इलाके में आरोपी नेमचंद यादव और उसके साथी चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। आरोपियों ने संयंत्र परिसर में अवैध तरीके से प्रवेश किया और 210 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर को वाहन में लोड कर बाहर ले जाने की कोशिश की, लेकिन सीआईएसएफ की सतर्क नजरों ने पूरे ऑपरेशन पर पानी फेर दिया। सूचना मिलते ही थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी नेमचंद यादव उम्र 32 वर्ष निवासी स्टेशन मरोदा बीआरपी कॉलोनी वार्ड 16 आजाद स्कूल के पास नेवई जिला दुर्ग ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि स्क्रैब कॉपर को स्वीफ्ट वाहन क्रमांक CG 07 BF 9243 में भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 210 किलो स्क्रैब कॉपर और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 26 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी को 25 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, सउनि भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की अहम भूमिका रही। बहरहाल, औद्योगिक संपत्ति पर नजर गड़ाने वालों को दुर्ग पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि चोरी का हर रास्ता अब सीधे जेल तक जाता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

