0 ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में 586 खिलाडिय़ों ने लिया हिस्सा
= केशव सल्होत्रा =
जगदलपुर, 26 मई (आरएनएस)। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा आयोजित 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में 6 से 26 मई तक चले इस शिविर में जिलेभर के 586 बालक एवं बालिका खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान खिलाडिय़ों को 13 खेल विधाओं में सुबह एवं शाम दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बैडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, कराते, जूडो, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वहीं धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में आर्चरी एवं एथलेटिक्स, पंडरीपानी हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में हॉकी, पुलिस लाइन में वॉलीबॉल, सिटी ग्राउंड में फुटबॉल, शहीद पार्क के पीछे कर्मचारी भवन में कराते, घाटलोहंगा स्कूल में रग्बी तथा विद्या ज्योति स्कूल में जूडो का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाडिय़ों में उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का विशेष माहौल देखने को मिला। प्रशिक्षकों ने खिलाडिय़ों को खेल तकनीक, फिटनेस, टीम भावना और प्रतियोगी खेलों की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सभापति बनवासी मौर्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी,एमआईसी सदस्य संजय विश्वकर्मा, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।मुख्य अतिथि बनवासी मौर्य ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण जरिया है। उन्होंने खिलाडिय़ों को निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे शिविर खिलाडिय़ों की प्रतिभा निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रत्येक खेल विधा से एक-एक बालक एवं बालिका खिलाड़ी को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।खेल अधिकारी सुशांत पॉल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और बच्चों को खेलों से जोडऩा है। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए सभी प्रशिक्षकों, खेल संघों, अभिभावकों एवं खिलाडिय़ों के सहयोग की सराहना की।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

