दुर्ग 26 मई (आरएनएस) खेती और गांवों की पानी व्यवस्था पर वार कर कॉपर वायर चुराने वाले संगठित गैंग का आखिरकार पुलगांव पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। खेतों से लेकर ग्राम पंचायत के ट्यूबवेल तक लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान थे, लेकिन पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले और चोरी का माल खरीदने वाले कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला तब सामने आया जब ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने अपने खेत के ट्यूबवेल से करीब 100 मीटर कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां तीनों ने चोरी करना कबूल कर लिया और चोरी का वायर रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचना बताया। पुलिस ने सहल उद्दीन के कब्जे से करीब 100 मीटर कॉपर वायर कीमती लगभग 15 हजार रुपए बरामद किया। इसी बीच ग्राम अंजोरा के सरपंच संतोष सारथी ने पंचायत तालाब के ट्यूबवेल से 90 मीटर कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि चोरी का वायर मौदहापारा रायपुर निवासी जय नारायण को बेचा गया था, जिसके कब्जे से 90 मीटर कॉपर वायर कीमती करीब 12 हजार रुपए जब्त किया गया। वहीं थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम पीछेकर में भी आरोपियों ने तीन अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल वायर चोरी करना स्वीकार किया, जहां से 35 मीटर वायर और अन्य विद्युत सामग्री बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में चंदू लोहार, वासु यादव, शंकर, सहल उद्दीन निवासी रायपुर और जय नारायण निवासी मौदहापारा रायपुर शामिल हैं। पुलिस ने लगभग 225 मीटर कॉपर वायर जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 317 बीएनएस और संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की तथा सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। बहरहाल, गांवों की बिजली और पानी व्यवस्था को निशाना बनाने वाले इस गैंग पर अब पुलगांव पुलिस का शिकंजा पूरी तरह कस चुका है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

