कोरबा 26 मई (आरएनएस) रात के सन्नाटे में एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में घुसकर मारपीट, धमकी और केबल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का खेल आखिरकार बांकीमोंगरा पुलिस ने बिगाड़ दिया। कोरबा जिले में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामला 23 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे का है, जब एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में कुछ आरोपी जबरन घुस आए। आरोपियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए पाइप, एंगल और करीब 100 मीटर केबल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद जेटीपारा निवासी संजय कुमार लहरे पिता स्वर्गीय समयलाल लहरे उम्र 40 वर्ष ने थाना बांकीमोंगरा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 1147/2026 के तहत धारा 331(3), 296, 351(3), 305, 309(6), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अर्जुन सिंह निवासी थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल क्रमांक CG 12 BS 7092 भी जब्त की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लूटा गया केबल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक के पास है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बहरहाल, “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

