मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी 27 मई आरएनएस “जहां कभी पुलिस और ग्रामीणों के बीच दूरी महसूस होती थी, वहीं अब सुदूर जंगलों में पुलिस बच्चों के हाथों में बैट-बॉल थमा रही है और गांव-गांव जाकर भरोसे, सुरक्षा और जागरूकता का नया रिश्ता बना रही है।” मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के थाना सीतागांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीटेमेटा, ग्राम पंचायत हलोरा में 27 मई 2026 को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पुलिस ने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर सिर्फ कानून की बात नहीं की, बल्कि भरोसे और अपनापन का संदेश भी दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल और एसडीओपी विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यादव ने बच्चों को बैट, बॉल और स्टंप वितरित किए। खेल सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और गांव में उत्साह का माहौल बन गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी शेयर करने के खतरे और सोशल मीडिया अपराधों से बचने की जानकारी दी। साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन और नजदीकी थाना में शिकायत करने की समझाइश भी दी गई। पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत शराब और मादक पदार्थों के दुष्परिणामों को समझाया और युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की। महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल अपराध और महिलाओं के अधिकारों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सरपंच रमिला तुलावी, मितानिन गेंदकुंवर घावड़े, ग्राम पटेल दयाराम तुलावी और कड़री ईशुराम तुलावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बहरहाल, सुदूर अंचल में पुलिस की यह चौपाल सिर्फ जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि भरोसे और बदलाव की नई शुरुआत बनती नजर आई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

