सरगुजा, 28 मई (आरएनएस)। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और एटीएम से दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आठ महीने से फरार चल रहे आरोपी को झारखंड के रांची से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर महिला को झांसे में लिया था और बाद में उसके साथ धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़ता ने सितंबर 2025 में गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी अजय कुमार कंवर, निवासी बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा), ने उसके घर में किराए पर कमरा लिया था। इसी दौरान उसने खुद को अविवाहित बताते हुए महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर उसके साथ नवंबर 2024 से सितंबर 2025 तक शारीरिक संबंध बनाए। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी ने खुद को सरकारी नौकरी में बताया और कहा कि उसे निलंबित कर दिया गया है। इसी विश्वास के आधार पर उसने महिला को आर्थिक रूप से भी प्रभावित किया और उसके एटीएम कार्ड का उपयोग कर करीब 2 लाख रुपये निकाल लिए। बाद में जब पीडि़ता गर्भवती हुई तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसी दौरान महिला को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। इस खुलासे के बाद पीडि़ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचता रहा। जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी झारखंड के रांची में छिपा हुआ है। इसके बाद गांधीनगर थाना पुलिस की टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

