0 करही गोलीकांड के बाद SP विजय कुमार पांडेय ने कई थाना और चौकी प्रभारियों का किया तबादला
जांजगीर-चांपा, 28 मई (आरएनएस)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। ग्राम करही गोलीकांड के मामले के सुलझने के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिसे पुलिस विभाग में प्रशासनिक कसावट और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के आदेश के तहत जिले के कई थाना और चौकी प्रभारियों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल में थाना शिवरीनारायण, बिर्रा, बम्हनीडीह, अजाक थाना, चौकी नैला, पंतोरा तथा पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार के प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार कुल 11 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जिनमें 4 निरीक्षक (TI), 5 उपनिरीक्षक (SI) और 2 सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शामिल हैं। अधिकारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पदस्थ करते हुए विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है।
पुलिस विभाग का मानना है कि समय-समय पर इस प्रकार के फेरबदल से कार्यशैली में नई ऊर्जा आती है, जवाबदेही बढ़ती है और अपराध नियंत्रण में बेहतर परिणाम मिलते हैं। जिले में हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार कानून-व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
0

