भोपाल 28 मई (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल नगर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने हेतु जिला कार्यशाला का आयोजन भाजपा प्रदेश कार्यालय में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यशाला में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विशेष जनसंपर्क अभियान तथा योग दिवस कार्यक्रमों की सफलता को लेकर जिला टोली, मंडल टोली, जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ रणनीति बनाई गई।
बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु समितियों का गठन किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने संयोजक, सहसंयोजक एवं सदस्यों की घोषणा की। कार्यशाला में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, जिला प्रभारी जसवंत हाड़ा, महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला महामंत्री मुकेश राय, चेतन भार्गव एवं प्रदीप शेखावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के इतिहास में सुशासन, विकास और गरीब कल्याण का स्वर्णिम अध्याय है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है।
राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं, गरीबों एवं पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य कर रहा है।
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला प्रभारी जसवंत हाड़ा ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यशाला में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभारी एवं सहप्रभारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

