धमतरी 29 मई (आरएनएस) “अब गांवों में बिना जानकारी के आने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाएगी, साइबर ठगों की चालें उजागर की जाएंगी और अपराधियों के लिए ग्रामीण इलाकों में छिपना आसान नहीं होगा। धमतरी पुलिस ने सुरक्षा और जनजागरूकता का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।” पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर धमतरी जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में जनजागरूकता एवं सघन निगरानी अभियान तेज कर दिया गया है। इसके तहत थाना प्रभारियों द्वारा ग्राम प्रमुखों, सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम कोटवारों, ग्राम पटेलों और गणमान्य नागरिकों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। बैठकों में ग्रामीणों से अपील की गई कि गांवों में आने वाले बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों, फेरीवालों और अनजान लोगों की अनिवार्य रूप से मुसाफिरी दर्ज कराई जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों की सूचना से अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, उन्हें उचित मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा। बैठकों में मंदिर परिसरों की निगरानी बढ़ाने, किराएदारों की जानकारी रखने, तंबू-डेरे वालों का सत्यापन करने, रात्रि गश्त को मजबूत बनाने और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, एपीके फाइल और अनजान कॉल से सावधान रहने की सलाह दी गई। मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने के खतरों से भी अवगत कराया गया। बहरहाल, धमतरी पुलिस का यह अभियान केवल अपराध रोकने की पहल नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच भरोसे की ऐसी मजबूत कड़ी है जो गांवों को अधिक सुरक्षित, जागरूक और संगठित बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।


