बस्तर – जगदलपुर 29 मई (आरएनएस) “हाउसिंग बोर्ड की पार्किंग से चोरी हुई ढाई लाख रुपये की रॉयल एनफील्ड बुलेट आखिरकार पुलिस ने बरामद कर ली। महीनों तक पुलिस को चकमा देकर घूम रहा आरोपी अपनी पहचान छिपाकर फरार था, लेकिन सीसीटीवी कैमरों ने उसका पूरा खेल बिगाड़ दिया।” जगदलपुर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में 23 फरवरी 2026 को पार्किंग से रॉयल एनफील्ड बुलेट क्रमांक OD 07 T 0494 चोरी होने के बाद बस्तर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक धोत्रे सुमित कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड सहित शहर के विभिन्न स्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और लगातार तलाश के दौरान आरोपी की पहचान सुशील नायक पिता संतोष नायक, उम्र 20 वर्ष, जाति हल्बा, निवासी केंवटीन टोला, थाना कोरर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर के रूप में हुई। आरोपी काफी समय से अपनी पहचान छिपाकर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ फरार चल रहा था। 27 मई 2026 को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बुलेट चोरी करना स्वीकार कर लिया और बताया कि उसने चोरी की बाइक अपने गांव के घने जंगल में छिपाकर रखी है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ढाई लाख रुपये कीमत की रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बहरहाल, यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, सीसीटीवी और तकनीकी जांच के दौर में कानून की पकड़ से ज्यादा दिन तक बच नहीं सकता।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

