जांजगीर-चांपा, 29 मई (आरएनएस) । जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जांजगीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना जांजगीर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मड़वा में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर ग्राम मड़वा निवासी लक्ष्मी प्रसाद श्रीवास (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 17 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3400 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बी.एस. लकड़ा, कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक विनोद राठौर एवं उमेश कुमार रत्नाकर की सराहनीय भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

