दुर्ग,29 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर की समय-अनुसूची के अनुसार जिले के जनपद पंचायत दुर्ग, धमधा एवं पाटन में पंच व जनपद सदस्य के पद हेतु त्रिस्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 के लिए निर्वाचन की अधिसूचना जारी की गई है, जिसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग से मिले अधिकारों और निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881Ó के नियमों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने मतदान के दिन यानी 01 जून 2026 (सोमवार) को संबंधित चुनाव क्षेत्रों के सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में सामान्य छुट्टी घोषित किया है। यह अवकाश ग्राम पंचायत के पंच पद हेतु संबंधित वार्ड में तथा जनपद सदस्य पद हेतु संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्र में ही प्रभावी रहेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत दुर्ग के अंतर्गत ग्राम पंचायत भोथली के वार्ड क्रमांक 11 तथा उमरपोटी के वार्ड क्रमांक 19 में पंच पद चुनाव के लिए यह अवकाश रहेगा। इसी तरह जनपद पंचायत धमधा के ग्राम पंचायत रूहा के वार्ड क्रमांक 05 व जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत गोंडपेण्ड्री के वार्ड क्रमांक 11 में तथा ग्राम पंचायत भनसुली (के) के वार्ड क्रमांक 17 में पंच पद के लिए सामान्य अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 04 के तहत आने वाले ग्राम पंचायत पांहदा (अ) एवं सांकरा क्षेत्र में भी 01 जून को यह सामान्य अवकाश प्रभावशील रहेगा। कलेक्टर सिंह ने जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

