जांजगीर-चांपा, 29 मई (आरएनएस) चांपा पुलिस ने कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने वाले तीन ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 ट्रेलर और करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड चांपा के लिए सूरजपुर जिले के भास्करपारा कोल माइंस से कोयला भेजा गया था। 25 मई को रवाना हुए तीन ट्रेलर 27 मई को प्लांट पहुंचे। जब आरएमएच विभाग में कोयला खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। जांच में कोयले में मिलावट की पुष्टि हुई।
इस संबंध में पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान ट्रक ड्राइवरों ने खुलासा किया कि अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में वाहनों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतारकर उसकी जगह घटिया कोयला भर दिया गया था, जिसे बाद में प्लांट में सप्लाई किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गणेश कोल डिपो अमझर से बदला गया करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त किए। थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/26 के तहत धारा 316(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
शेख सरफरोज (35 वर्ष), निवासी गढ़वा, झारखंड
अजमत अंसारी (32 वर्ष), निवासी गढ़वा, झारखंड
रामचन्द्र (30 वर्ष), निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय एवं थाना चांपा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

