मुंगेली,29मई (आरएनएस)। दशगात्र कार्यक्रम में व्यस्त परिवार को क्या पता था कि उनकी बंद पड़ी गुड़ फैक्ट्री पर चोरों की नजर जम चुकी है, लेकिन दूसरी बार चोरी की कोशिश करते ही पूरा खेल पलट गया और लोरमी पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि चोरी करने वाले ही नहीं, चोरी का माल खरीदने वाले भी सलाखों के पीछे पहुंच गए। मामला थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री का है, जहां 23-24 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने फैक्ट्री के कमरों का ताला तोड़कर चरखा मोटर, जूस मोटर, चैन कुप्पी ब्लॉक, स्टार्टर, डिस्क ग्रिफर और अन्य लोहे के सामान सहित करीब 66 हजार रुपये की संपत्ति पार कर दी थी। प्रार्थी हेमंत कुमार कश्यप की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 233/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन बाजÓ के तहत गठित विशेष टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 26 मई की रात फैक्ट्री में दोबारा चोरी की कोशिश कर रहे मनीष देवार पिता स्वरूप देवार उम्र 32 वर्ष निवासी देवारपारा शिवघाट लोरमी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने कन्हैया उर्फ बोदकू देवार उम्र 20 वर्ष, शंकर देवार उम्र 40 वर्ष और अन्य साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। जांच में चोरी का माल खरीदने वाले असगर खान उम्र 43 वर्ष निवासी बड़ा बाजार मुंगेली का नाम भी सामने आया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 हजार रुपये का चोरी का सामान, एचएफ डिलक्स बाइक, लूना और पिकअप वाहन सहित कुल 4 लाख 88 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2), 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई और सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बहरहाल, पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि चोरी कर बच निकलना अब पहले जितना आसान नहीं रहा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

