रायपुर 29 मई (आरएनएस)। क्रिकेट मैच पर लग रहे दांव और मोबाइल स्क्रीन पर दौड़ रहे लाखों के खेल के बीच रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक नेटवर्क पर बड़ी चोट की है। कंकाली तालाब के पास दोपहिया वाहन में बैठकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे एक आरोपी को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल, नकदी और वाहन सहित करीब 1.90 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मामला तब सामने आया जब 27 मई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि पुरानी बस्ती क्षेत्र के कंकाली तालाब के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की पड़ताल की गई, जिसमें वह Uncle777.com और Annapoorna Book नामक ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्लेटफॉर्म की आईडी और लिंक के माध्यम से सट्टेबाजी का संचालन करते पाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू देवांगन पिता छोटूराम देवांगन, उम्र 37 वर्ष, निवासी आदर्श नगर कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया है।
आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 238/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और 8 के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। बहरहाल, रायपुर पुलिस का यह एक्शन साफ संदेश है कि डिजिटल दुनिया में छिपकर चल रहे सट्टे के कारोबार पर भी कानून की पैनी नजर बनी हुई है।

