उत्तर बस्तर कांकेर 30 मई (आरएनएस) नक्सल प्रभावित बस्तर की धरती पर इस बार गोलियों की नहीं, खेल भावना और टीम वर्क की गूंज सुनाई दी, जहां कांकेर डीआरजी टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से रेंज स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में फाइनल तक पहुंचकर जिले का गौरव बढ़ा दिया। बीजापुर पुलिस द्वारा आयोजित “कोड़सा बीजापुर प्रतियोगिता-2026” में कांकेर डीआरजी के खिलाड़ियों ने अनुशासन, जोश और बेहतरीन तालमेल का ऐसा प्रदर्शन किया कि मैदान में मौजूद अधिकारी और दर्शक भी उनकी सराहना किए बिना नहीं रह सके। 25 मई से 27 मई 2026 तक पुलिस लाइन खेल मैदान बीजापुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में बस्तर रेंज के विभिन्न जिलों की डीआरजी टीमों के साथ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और एसटीएफ की टीमों ने भी हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बीच कांकेर डीआरजी टीम लगातार शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल तक पहुंची और उपविजेता बनकर प्रतियोगिता का दूसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का परिचय देते हुए सुरक्षा बलों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द का मजबूत संदेश दिया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, 30 हजार रुपये नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं केवल खेल नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और सकारात्मक सोच का मंच हैं। उन्होंने बताया कि “कोड़सा” का अर्थ नव अंकुरित पौधा है, जो इस बात का प्रतीक है कि बीजापुर और पूरा क्षेत्र अब विकास, विश्वास और प्रगति की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बहरहाल, कांकेर डीआरजी की यह उपलब्धि साबित करती है कि मैदान चाहे खेल का हो या कर्तव्य का, समर्पण और टीम भावना हमेशा जीत की नई कहानी लिखती है।


