कोलकाता,30 मई(आरएनएस)। सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सहित तमाम नेताओं ने घटना की निंदा की।वहीं दूसरी ओर, बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य ने घटना पर बात करते हुए तृणमूल को ही हिंसा छोडऩे की सलाह दे दी। शामिक ने यह भी कहा, सभ्य समाज में इस तरह की घटना का कोई स्थान नहीं होता है। “मैं यह नहीं बता सकता कि पुलिस वहां क्यों मौजूद नहीं है। मैं तो एक पार्टी प्रतिनिधि हूं। इसका जवाब केवल पश्चिम बंगाल की राज्य सरकार ही दे सकती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में जब शभेंदु अधिकारी विपक्ष के नेता के तौर पर काम कर रहे थे तो उत्तर बंगाल में उनकी कार के अंदर उन्हें जि़ंदा जलाने की कोशिश की गई थी। शमिक ने आगे कहा, “आज तृणमूल के सुरक्षित बचे रहने का एकमात्र कारण यह है कि हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं पर उन्होंने जो अत्याचार किए, उनके बावजूद हमने संयम बनाए रखा।” भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने तृणमूल सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई कई “घटनाओं” का भी जिक्र किया। शमिक ने कहा कि, इस मामले में बीजेपी का कोई हाथ नहीं है। उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि बीजेपी इस तरह की बदसलूकी वाली हरकतों का समर्थन नहीं करती। शमिक ने कहा कि दक्षिण 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस ने जिस तरह की हरकतें की हैं, अगर भाजपा चाहती, तो तृणमूल के नेता अपने घरों से निकलकर सड़कों पर कदम भी नहीं रख पाते। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ इसलिए मुमकिन हो पाया क्योंकि बीजेपी ने संयम बरता। जिसकी वजह से अभिषेक सोनारपुर तक पहुंच पाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

