तारातला वेयरहाउस हादसे से जिंदा हुआ गार्डेनरीच हादसे का भूत
कोलकाता,27 जून(आरएनएस)। महानगर कोलकाता के पोर्ट इलाके में तारातला वेयरहाउस हादसे में 17 लोगों की मौत का मामला देश भर में तूल पकड़ चुका है और बंगाल की पूर्व ममता सरकार सवालों के घेरे में है। पोर्ट अचंल सहित महानगर में इमारत
ढहने की घटनाएं एक बार लोगों के जेहन में आ गई है और नए सिरे से राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। भारतीय जनता मजदूर सेल (बीजेएमसी) के दक्षिण कोलकाता जिला इकाई ने तारातला पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए अवैध निर्माणों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बीजेएमसी के दक्षिण कोलकाता जिला अध्यक्ष एम.बी. महेश द्वारा हस्ताक्षरित शिकायत एफआईआर तारातला पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोलकाता पोर्ट क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध निर्माण और भवन ढहने की घटनाओं के कारण कई लोगों की जान गई है। एम.बी. महेश ने बताया कि इससे पहले भी पार्षद अनवर खान व शम्स इकबाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। एम.बी. महेश ने बताया कि, शिकायत में वार्ड नंबर 134 में इमारत गिरने और ट्रांसफर डिपो रोड पर गोदाम ढहने जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इन मामलों की विस्तृत आपराधिक जांच की जानी चाहिए। शिकायत पत्र में बीजेएमसी ने कोलकाता नगर निगम के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम, वार्ड 80 के पार्षद अनवर खान व वार्ड 134 के पार्षद शम्स इकबाल अनिल की भूमिका की जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की अवैध निर्माण, लापरवाही या गैरकानूनी स्वीकृति देने में भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही संगठन ने संबंधित व्यक्तियों की गिरफ्तारी की भी मांग की है।
शिकायत पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री, कोलकाता पुलिस कमिश्नर, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (साउथ वेस्ट डिवीजन), श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट कोलकाता के चेयरमैन, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर तथा पश्चिम बंगाल के श्रम मंत्री अर्जुन सिंह को भी भेजी गई हैं। बीजेएमसी ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र में अवैध और जर्जर निर्माणों का सर्वे कराया जाए, जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।अब इस शिकायत पर कोलकाता पुलिस क्या कार्रवाई करती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

