रायपुर, 31 मई (आरएनएस)। बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू रविवार को सामूहिक विवाह समारोह में शादी करेंगे। सरकारी शिक्षक से राजनीति में आए दीपेश, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में गरीब परिवार की तरुणा साहू के साथ सात फेरे लेंगे।
विधायक का कहना है कि योजना के तहत मिलने वाली राशि वे अपने पास नहीं रखेंगे, बल्कि उसे मेधावी छात्राओं की पढ़ाई पर खर्च करेंगे। हालांकि उनकी शादी को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने योजना की पात्रता को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा इसे व्यक्तिगत फैसला बता रही है।
दीपेश साहू करीब 10 साल तक सरकारी स्कूल में शिक्षक रहे। इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा में शामिल होने के बाद वे पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष समेत कई संगठनात्मक पदों पर रहे। वर्तमान में वे बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
ड्राइवर की बेटी, एमए तक की पढ़ाई
तरुणा साहू मूल रूप से दुर्ग जिले की धमधा तहसील के बिरोदा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने एमए तक पढ़ाई की है। पिता देवनारायण साहू पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि माता मालती साहू गृहिणी हैं। परिवार में उनके एक भाई टिकेंद्र साहू हैं। वर्तमान में उनका परिवार बेमेतरा में रहता है।
एक मंच पर लेंगे सात फेरे
दीपेश और तरुणा 31 मई यानी आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शादी के बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम में अन्य जोड़ों के साथ दोनों भी एक ही मंच पर सात फेरे लेंगे।
महिला-बाल विकास विभाग की ओर से बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में 21 जोड़ों का विवाह होगा, जिनमें विधायक दीपेश साहू और तरुणा साहू भी शामिल हैं। विभाग के मुताबिक दोनों का रजिस्ट्रेशन योजना के नियमों के तहत किया गया है।
बैलगाड़ी से निकलेगी बारात
विधायक दीपेश साहू की बारात बैलगाड़ी से निकलेगी। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि स्थानीय ग्रामीण परंपरा और संस्कृति को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। शादी समारोह को लेकर शहर और आसपास के गांवों में चर्चा है।
मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री रहेंगे मौजूद
सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा सरकार के कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी पूरी कर ली है।
योजना की राशि छात्राओं की पढ़ाई पर खर्च करने का दावा
कांग्रेस ने पात्रता पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विधायक की शादी को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाई गई है। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि क्या किसी विधायक का इस योजना के तहत विवाह करना पात्रता के दायरे में आता है।
एसएस
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

