शहडोल 31 May, (Rns) । मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में 4 लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। दिल दहलाने वाला मामला पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवाह गांव से सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कथित तौर पर कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में मां सहित चार लोगों की मौत हो गई। एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बता दें कि विधायक शरद कोल इसी गांव के हैं।
अनिता सिंह अपनी तीन बेटियों अर्पिता, कृष्णकुमारी और रितिका के साथ हिरवाह जीनी क्षेत्र में लगभग सात एकड़ भूमि पर बने पीएम आवास में रहती थी। उसका पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहकर काम करता था। जानकारी के मुताबिक परिवार का मूल निवास तिखवा गांव में है। घटना के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस को मौके से क्या सबूत मिले हैं और इसके पीछे कोई पारिवारिक, आर्थिक या अन्य वजह है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। हर कोई इस दर्दनाक कदम के पीछे की वजह जानने की कोशिश करता नजर आया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस मामले में पपौंध थाना प्रभारी बृजेन्द्र मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने अपने तीन बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या का कारण अभी अज्ञात है। मामले में कार्यवाही करते हुए मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन परिस्थितियों ने मां ने अपनी तीन बेटियों के साथ यह खौफनाक कदम उठाया है

