कोटद्वार,16 जुलाई (आरएनएस )। द्वारीखाल ब्लॉक की ग्रामसभा च्वरा और सुराड़ी के पांच गांवों को जोडऩे वाली हिंवल नदी की पुलिया का निर्माण दो वर्ष बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। इससे करीब 100 परिवारों और जीआईसी चाक्यूसैंण के छात्र-छात्राओं को रोजाना जान जोखिम में डालकर टूटी पुलिया से आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधान च्वरा प्रीति देवी, ग्राम प्रधान सुराड़ी विनीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कादंबरी देवी सहित ग्रामीणों ने बताया कि सौड़, तिग्नया, सुराड़ी, भगोला और सैंणा गांवों को जोडऩे के लिए करीब 20 वर्ष पहले क्षेत्र पंचायत निधि से एक लाख की लागत से हिंवल नदी में पुलिया का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2023 में आई बाढ़ में पुलिया का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद से आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार नई पुलिया निर्माण के लिए अक्तूबर 2025 में जिला योजना से पांच लाख की धनराशि स्वीकृत हुई थी लेकिन नौ माह बीतने के बावजूद कार्यदायी संस्था लोनिवि दुगड्डा ने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। ग्रामीणों ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने भी मौके का निरीक्षण कर शीघ्र निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ईई निर्भय सिंह ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

