कोटद्वार,16 जुलाई (आरएनएस )। भाबर के वार्ड-33 हल्दूखाता में करीब दो किलोमीटर लंबा लूथापुर-बालागंज संपर्क मार्ग अनदेखी के कारण पगडंडी में तब्दील हो गया है। मार्ग पूरी तरह से बदहाल पड़ा है। इस मार्ग पर पड़े गड्ढों से स्कूली बच्चों, सिडकुल के कर्मचारियों और आमजनता को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोग लंबे समय से मार्ग के डामरीकरण की मांग कर रहे हैं।इस संपर्क मार्ग से सिडकुल और जशोधरपुर में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारी हर रोज आवाजाही करते हैं। क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी मार्ग की शिकायत दर्ज कराई है। जनप्रतिनिधियों की ओर से सड़क सुदृड़ीकरण का आश्वासन दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।क्षेत्रवासी जगदंबा प्रसाद उनियाल, मुकेश कुमार, गौरव कुमार, संदीप कुमार, अनिल कुमार, रोहित सिंह, अजीत कुमार, बॉबी, सुनीता का कहना है कि यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है जिस पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। पार्षद जेपी बहुखंडी ने बताया कि लूथापुर-बालागंज संपर्क मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव क्षेत्रीय विधायक व विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के संज्ञान में लाया गया है। उनकी ओर से लोनिवि को इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने के लिए निर्देशित किया गया है।
– लूथापुर बालागंज संपर्क मार्ग के डामरीकरण का प्रस्ताव शासन में भेजा गया है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। -साहब सिंह सैनी, एई लोनिवि दुगड्डा
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

