जगदीश यादव
कोलकाता 31 मई (आरएनएस)। महानगर कोलकाता के गोल्फ ग्रीन स्थित अरबिंदो नगर में आज तब हड़कंप मच गया जब यहां स्थित एक फ्लैट में एक युवा जोड़े की रहस्यमयी मौत की घटना घटी। जिस युवक का शव मिला है उसकी शिनाख्त मो. दिलशाद के तौर पर हुई है लेकिन मृत युवती का परिचय नहिं मिल सका है। पुलिस व स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार यह जोड़ा एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में साथ रह रहा था। इसी फ्लैट में कभी-कभी तमाम जोड़े आकर रुकते थे। कमरे से नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। मौत का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत युवक और युवती गोल्फ ग्रीन स्थित एक फ्लैट में किराएदार के तौर पर रह रहे थे। युवती कोलकाता के रामगढ़ की रहने वाली थी, जबकि युवक तिलजला का था। आज सुबह फ्लैट से दोनों के शव बरामद किए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि दो और लोग भी कभी-कभी इस फ्लैट में आकर रुकते थे। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि शनिवार रात वे लोग वहां मौजूद थे या नहीं। पुलिस ने उन्हें दोनों को नशे की हालात में गिरफ्तार किया है। फिलहाल उनसे पूछताछ कर रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह जोड़ा पिछले चार-पांच महीनों से गोल्फ ग्रीन वाले फ्लैट में किराए पर रह रहा था। युवक एक निजी कंपनी में काम करता था। मकान मालिक ने बताया कि युवती को फ्लैट से बाहर निकलते हुए बहुत कम ही देखा जाता था; वह अपना अधिकांश समय घर के अंदर ही बिताती थी। शुरुआती जांच के आधार पर, एक पुलिस सूत्र को संदेह है कि यह जोड़ा पहले भी नशीले पदार्थों का सेवन करता रहा था। पुलिस ने बताया है कि युवती के सिर पर चोट के निशान हैं।चोट किस तरह लगी, यह बात पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, इस जोड़े की मौत नशे के सेवन से हुई हो सकती है; पोस्टमॉर्टम जाँच के बाद इस बात की पुष्टि हो जाएगी। युवक और युवती, दोनों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। दोनों के परिजन पुलिस थाने पहुंचे हैं, जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

