गर्मी की छुट्टी में आये थे ननिहाल
प्रयागराज 31 मई (आरएनएस) थरवई थाना क्षेत्र के कटियाही गांव में तालाब में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। काफी देर बाद दोनों का शव तालाब से बाहर निकाला गया। तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटियाही गांव निवासी मनमोहन यादव की पुत्री सुषमा यादव की शादी सोरांव क्षेत्र में अवधेश कुमार यादव के साथ हुई है। सुषमा को पांच बच्चे तीन बेटे और दो बेटियां हैं। गर्मी की छुट्टी में वह मायके कटियाही आई थी। रविवार उसके दो बच्चे सचिन (12) और मधु (14) नहाने के लिए घर के पास स्थित तालाब में गए थे।
काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को तालाब के किनारे बच्चों के होने के संकेत मिले। इसके बाद तालाब में तलाश की गई और काफी प्रयासों के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सचिन कक्षा तीन और मधु कक्षा छह में पढ़ती थी। दोनों गांव के ही स्कूल में पढऩे जाते थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

