विभिन्न क्षेत्रों के विधायकों को वरीयता
कोलकाता 31 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन का दूसरा चरण आज अर्थात सोमवार होगा। सोमवार को मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और 35 नए मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई जाएगी। बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने 9 मई को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में स्पष्ट बहुमत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि राज्य मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जाएगा और 35 नए मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 11 बजे राज्य सचिवालय नबान्न में आयोजित होगा, जहां राज्यपाल आरएन रवि मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
अब मंत्रिमंडल विस्तार के साथ भाजपा सरकार प्रशासनिक स्तर पर अपनी टीम को और मजबूत करने जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नए मंत्रियों को शामिल कर सरकार विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश करेगी। सचिवालय में होने वाला यह शपथ ग्रहण समारोह पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। बता दें कि 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। उनके साथ पांच अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक शामिल थे। संभावित मंत्रियों की सूची में स्वपन दासगुप्त का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि उन्हें शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अलावा तपस राय, शंकर घोष, रुद्रनील घोष, शरद्वत टुडू, प्रणत टुडू, रूपा गांगुली, कल्याण चक्रवर्ती, चंदना बाउरी, जगन्नाथ चटर्जी, अशोक डिंडा और सुब्रत मैत्रा के नामों पर भी चर्चा चल रही है। हालांकि अंतिम फैसला अभी सामने नहीं आया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

