कबीरधाम 3 जून (आरएनएस) पुलिस परिवार ने मंगलवार को अपने एक ऐसे कर्मयोगी को सम्मानपूर्वक विदाई दी, जिसने करीब 36 वर्ष 7 माह तक वर्दी की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निभाया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कबीरधाम में आयोजित गरिमामय समारोह में सेवानिवृत्त सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) वासुदेव साय पैकरा के लंबे और प्रेरणादायी सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए श्रीफल, शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने बताया कि वासुदेव साय पैकरा ने 31 अक्टूबर 1989 को इंदौर में आरक्षक पद से पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने राजनांदगांव और कबीरधाम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और इकाइयों में जिम्मेदारियां संभालीं। थाना सिटी कोतवाली, पांडातराई, कुकदुर, कुंडा, पंडरिया, चिल्फी और बोडला जैसे महत्वपूर्ण थानों में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता की अलग पहचान बनाई। बेहतर कार्य प्रदर्शन और विभाग के प्रति समर्पण के दम पर उन्होंने आरक्षक से प्रधान आरक्षक और फिर सहायक उप निरीक्षक पद तक का सफर तय किया।
विदाई समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक अंजू कुमारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके योगदान को नमन किया और कहा कि उनकी निष्ठा, अनुशासन और सेवाभाव आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
बहरहाल, वर्दी भले ही आज उतरी हो, लेकिन वासुदेव साय पैकरा की कर्मनिष्ठा और सेवा का उदाहरण कबीरधाम पुलिस के इतिहास में लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।

