रायपुर 3 जून ( आरएनएस) कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर तेलीबांधा पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों, अड्डेबाजी और अवैध जमावड़ों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस ने ऐसा एक्शन लिया कि पिछले चार दिनों में 51 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। इसी कड़ी में कल चलाए गए विशेष अभियान के दौरान थाना तेलीबांधा और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न संदिग्ध स्थानों, अड्डेबाजों के ठिकानों और देवार डेरों की सघन जांच की। अभियान के दौरान 22 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ और सत्यापन के लिए थाना लाया गया। पुलिस ने सभी व्यक्तियों की तस्दीक और आवश्यक जांच की। जांच में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज इन 22 संदिग्धों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद सभी को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन के न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है। विशेष अभियान के आंकड़े बताते हैं कि बीते चार दिनों में कुल 51 अनावेदकों के विरुद्ध 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वाले, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोग और अड्डेबाजी करने वाले किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। बहरहाल, तेलीबांधा पुलिस का यह अभियान साफ संकेत है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों पर अब हर कदम पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

