शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना का नया गाना तुझको जारी हो गया है, जो काफी समय से चर्चा में था। फिल्म कॉकटेल 2 में मौजूद इस गाने का वीडियो क्लिप कुछ दिन पहले रश्मिका ने इंस्टाग्राम पर साझा किया था, लेकिन बाद में हटा दिया। तब से फैंस गाने की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब उनकी खुशी दोगुनी हो गई है, क्योंकि गाने को वीडियो के साथ यूट्यूब पर जारी कर दिया गया है।
शाहिद और रश्मिका के इस गाने को अरिजीत सिंह और सुनिधि चौहान ने अपनी जादुई आवाज से सजाया है। इसके संगीत का काम प्रीतम ने संभाला है, जबकि बोल अमिताभ भट्टाचार्या ने लिखे हैं। जब तलक और माशूका के बाद, यह फिल्म का तीसरा गाना है जो आते ही लोगों का ध्यान खींच रहा है। 19 जून को रिलीज हो रही कॉकटेल 2 में कृति सैनन भी मुख्य किरदार में हैं। यह 2012 में आई कॉकटेल की दूसरी कड़ी है।
कॉकटेल 2 की कहानी पिछली फिल्म का विस्तार नहीं है, बल्कि यह नए किरदारों के साथ आधुनिक समय के रिश्तों, दोस्ती और भावनाओं के उतार-चढ़ाव को दिखाएगी। फिल्म एक रोमांचक रोड ट्रिप पर आधारित है, जिसकी शूटिंग इटली के सिसिली के अलावा दिल्ली और गुरुग्राम जैसे शहरों में की गई है। मडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म को लव रंजन ने लिखा है और निर्देशन की कमान होमी अदजानिया ने संभाली है।
कॉकटेल 2 सिनेमाघरों में 19 जून, 2026 को दस्तक देने वाली है। हालांकि, इसकी राह आसान नहीं होगी क्योंकि इसी दौरान कई बड़ी फिल्में रिलीज़ हो रही हैं। यह फिल्म यश की टॉक्सिक के 15 दिन बाद और दिलजीत दोसांझ की फिल्म के ठीक एक हफ्ते बाद आएगी। साथ ही, वरुण धवन की हाय जवानी तो इश्क होना है से भी इसका कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। दिलचस्प बात यह भी है कि रश्मिका मंदाना के लिए यह विजय देवरकोंडा के साथ उनकी शादी के बाद का पहला बड़ा प्रोजेक्ट होगा। अब देखना यह है कि क्या यह नई कॉकटेल पुरानी फिल्म जैसा जादू दोबारा बिखेर पाती है या नहीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

