बिलासपुर 5 जून (आरएनएस) शहर के सबसे व्यस्त बृहस्पति बाजार में हालात ऐसे हो गए हैं कि जहां वाहनों की पार्किंग होनी चाहिए थी, वहां अब सब्जी और फल की दुकानें सज रही हैं। नतीजा यह है कि बाजार में रोजाना जाम जैसी स्थिति बन रही है, खरीदार परेशान हैं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराने लगी है। बिलासपुर के इस प्रमुख सब्जी बाजार में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। पार्किंग स्थल पर दुकानों के कब्जे के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए वाहन खड़ा करना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर रहे हैं, जिससे बाजार के आसपास यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि बाजार में प्रतिदिन सुबह से ही खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगती है। दोपहर तक स्थिति किसी तरह सामान्य दिखाई देती है, लेकिन शाम होते-होते बाजार में अव्यवस्था चरम पर पहुंच जाती है। संकरी होती आवाजाही, सड़क किनारे खड़े वाहन और पार्किंग क्षेत्र में संचालित दुकानें लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा रही हैं। व्यापारियों का यह भी दावा है कि नगर निगम को इन दुकानदारों से प्रतिमाह टैक्स प्राप्त होता है, इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने और बाजार को व्यवस्थित करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि पार्किंग स्थल को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और बाजार में सुव्यवस्थित पार्किंग व यातायात व्यवस्था लागू की जाए। बहरहाल, यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बृहस्पति बाजार की यह अव्यवस्था आने वाले दिनों में और बड़ी समस्या बन सकती है, जिसका खामियाजा आम लोगों को ही भुगतना पड़ेगा।


