लखनऊ 5 जून (आरएनएस ): आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में व्याप्त बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता शक्ति भवन की ओर आगे बढऩे का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।प्रदर्शन के दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश की जनता गंभीर बिजली संकट से जूझ रही है। कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में आम नागरिक, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं, जबकि उपभोक्ताओं से देश में सबसे अधिक बिजली दरें वसूली जा रही हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति खराब है। गांवों और शहरों में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उद्योग, व्यापार, कृषि और शिक्षा व्यवस्था पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।प्रदर्शन में यह भी आरोप लगाया गया कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की मृत्यु की घटना प्रदेश की बिजली व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाती है। पार्टी ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच और पीडि़त परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।नेताओं ने कहा कि जब जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, तब सरकार के जिम्मेदार मंत्री समस्याओं के समाधान के बजाय बयानबाजी में व्यस्त हैं। जनता की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।निवर्तमान प्रदेश महासचिव ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में फर्जी बिलिंग, गलत रीडिंग और अत्यधिक बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों उपभोक्ता आर्थिक शोषण का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अघोषित बिजली कटौती को समाप्त करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर और बिलिंग व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने तथा सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

