कुशीनगर, 05 जून (आरएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के कसया विकास खंड के कुलकुला माता मंदिर परिसर स्थित वन विभाग की भूमि पर वन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा वन विभाग की भूमि पर पौधरोपण कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक फाजिलनगर एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की उपस्थिति में प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के क्रम में जनपद में वृक्षारोपण का महत्वपूर्ण लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिसके सापेक्ष विभिन्न विभागों के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कुलकुला क्षेत्र में वन विभाग द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि पर्यावरण मानव जीवन का आधार है और वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को एक जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को न केवल पौधा लगाना चाहिए, बल्कि उसकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। तभी एक स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य की परिकल्पना साकार हो सकेगी। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) वरुण सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा जनपद में वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और हरित आवरण बढ़ाने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा इसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

